loader image
Wednesday, June 17, 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज: 21 जून को कैथल की विस्तार अनाज मंडी में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

कैथल, 17 जून ( Sahil Kasoon ) डीसी अपराजिता ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जिले में भव्य एवं जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विस्तार अनाज मंडी में आयोजित होगा। इससे पहले 20 जून को पायलट रिहर्सल की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। डीसी अपराजिता मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। इससे पूर्व हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीसी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजल, चिकित्सा सुविधा, यातायात एवं टेंटेज व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभाए। डीसी ने कहा कि इस वर्ष सरकार की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग है। इसी उद्देश्य को लेकर जिला, उपमंडल, ब्लॉक स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि योग को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने नागरिकों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण कराने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग दिवस को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता के जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। इसके लिए पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, निजी शिक्षण संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों तथा अन्य सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जिले के नाम पर आधारित हैशटैग जैसे #IYDKaithal का उपयोग करते हुए नागरिक अपने योग कार्यक्रमों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करें। इस अवसर पर एडीसी डा. सुशील कुमार, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. शकुंतला दहिया, सीएमओ डा. रेणु चावला, एआईपीआरओ अमित कौशिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!