करनाल में नाबालिग से रेप:रात को घर में घुसकर दोबारा वारदात करने की कोशिश; परिवार के जागने पर फरार

करनाल के बुटाना थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप और धमकी देने का मामला सामने आया है। जहां पर एक युवक लंबे समय से लड़की का पीछा कर रहा था और पहले भी उसके साथ गलत हरकत कर चुका था। हाल ही में आरोपी रात को घर में घुस आया और दोबारा वारदात की कोशिश की। परिवार के जागने पर वह मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी अपनी बुआ के घर यानी कुरूक्षेत्र के शाहबाद तहसील के एक गांव में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान दूसरे गांव का रहने वाला एक युवक लड़की का पीछा करता था। यह लड़का नशा करने वाला और आपराधिक प्रवृत्ति का बताया गया है। उसकी हरकतों से परेशान होकर लड़की ने पढ़ाई छोड़ दी और परिवार उसे वापस गांव ले आया।
शिकायत में बताया गया कि 30 मई की रात करीब 12 बजे जब परिवार सो रहा था, तभी आरोपी घर में घुस गया और लड़की के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करने लगा। कुछ आवाज सुनाई देने पर परिवार की नींद खुल गई। जब उन्होंने आरोपी का पीछा किया, तो वह मौके से भाग निकला।
घटना के बाद जब परिवार ने लड़की से बात की, तो उसने बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ रेप कर चुका है। इस खुलासे के बाद परिवार और ज्यादा डर के माहौल में आ गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 31 मई को दोपहर करीब 3 बजे आरोपी फिर उनके घर आया और धमकी दी कि वह लड़की को जबरदस्ती ले जाएगा। आरोपी की इस हरकत से परिवार में दहशत का माहौल है।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें आरोपी से अपनी जान-माल और बेटी की इज्जत का खतरा है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी दोबारा कोई बड़ी वारदात कर सकता है।
थाना बुटाना में इस शिकायत के आधार पर आज मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच महिला थाना करनाल की एसआई सुनीता को सौंपी गई है। थाना बुटाना के एसएचओ राजपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।




