loader image

कार में जिंदा जल गया 36 साल का युवक! मां को किया था आखिरी फोन, पंचकूला की दर्दनाक घटना

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में एक दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय युवक की कार में आग लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक अपनी मां से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान कार के इंजन के पास से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। युवक ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजे लॉक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया।

घटना शनिवार देर शाम सेक्टर-24 स्थित मल्टी फीचर पार्क के नजदीक हुई। मृतक की पहचान पीरमुच्छल्ला निवासी साहिल शर्मा के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। इसके बाद साहिल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

डॉक्टरों के अनुसार, साहिल आग में करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया था। आग और धुएं के कारण उसकी सांस की नली भी बुरी तरह प्रभावित हुई थी। अस्पताल में करीब आधे घंटे तक उसका इलाज किया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

साहिल के दोस्त के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे उसने अपनी मां को फोन किया था। बातचीत के दौरान साहिल ने जल्द ही घर पहुंचने की बात कही थी। उसने मां से कहा था कि वह लगभग 10 मिनट में घर आ जाएगा।

हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी जब साहिल घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां ने कई बार फोन करने की कोशिश की। लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसी दौरान पुलिस की ओर से परिवार को हादसे की जानकारी मिली।

हादसे के बाद साहिल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में उसकी मां, पत्नी और दो बच्चे हैं। बताया गया है कि साहिल के पिता का करीब 12 साल पहले निधन हो चुका था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच का मुख्य पहलू यह पता लगाना है कि कार में आग किस वजह से लगी और दरवाजे लॉक होने के कारण युवक बाहर क्यों नहीं निकल पाया।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!