loader image

कैथल में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने किया बीट बॉक्स का उद्घाटन, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कैथल, 06 जुलाई ( Sahil Kasoon ) जिला पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा पुलिस की क्षेत्र में सतत मौजूदगी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने क्योड़क पुलिस नाका के पास नवस्थापित बीट बॉक्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसपी ने बीट बॉक्स के समीप पौधारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की यह बीट बॉक्स पेपर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गांव बाखली, पिहोवा जिला कुरुक्षेत्र के सौजन्य से तैयार करवाया गया हैं। कार्यक्रम के दौरान डीएसपी बीर भान, डीएसपी सुशील प्रकाश, एसएचओ थाना सदर एसआई कुलदीप सिंह, पुलिस चौकी क्योड़क इंचार्ज एएसआई बलजीत, एसपी प्रवाचक तरसेम, ओएएसआई प्रवेश, एसआईएस संदीप सहित अन्य पुलिस कर्मचारी, पेपर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गांव बाखली के संचालक तथा ग्रामीणजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि बीट बॉक्स पुलिसिंग व्यवस्था को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। एसपी ने कहा कि जिला पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर भरोसेमंद और जनहितैषी पुलिसिंग को मजबूत करना भी है। बीट बॉक्स बनने से यहां तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी के संचालन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस की उपलब्धता तथा दृश्य उपस्थिति बढ़ने से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बीट बॉक्स के निकट पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का आधार भी हैं। उन्होंने उपस्थित पुलिस कर्मचारियों व ग्रामीणों से अपील की कि वे पौधारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाएं और लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प भी लें।
एसपी ने कहा कि जिला पुलिस सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी जनसहयोग से ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे। उन्होंने बीट बॉक्स निर्माण में सहयोग देने के लिए पेपर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गांव बाखली, पिहोवा जिला कुरुक्षेत्र का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलिस-जन सहयोग से समाज में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।

फोटो 👇

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!