जिला पुलिस का नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार, एंटी नारकोटिक सैल व सीआईए-1 पुलिस द्वारा अलग-अलग 3 मामलों में 4 आरोपी काबु, 2 किलो 722 ग्राम , 65 किलो 730 ग्राम डोडा पोस्त, 20 किलो 780 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद
कैथल, 07 जून (Sahil Kasoon) जिला पुलिस द्वारा नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ प्रहार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की गई है। एंटी नारकोटिक सैल व सीआईए-1 पुलिस द्वारा नशा तस्करी के अलग अलग 3 मामलों में 4 आरोपियों को काबू कर लिया गया। जिनके कब्जे से 2 किलो 722 ग्राम, 65 किलो 730 ग्राम डोडा पोस्त तथा 20 किलो 780 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद हुआ है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में एन्टी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई बलराज सिंह की टीम अपराध एवं नशा तस्करी की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। टीम बस अड्डा टीक क्षेत्र में मौजूद थी, तभी एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नाथूलाल नामक व्यक्ति आसपास के गांवों एवं क्षेत्र में नशा करने वाले व्यक्तियों को अफीम सप्लाई करता है तथा वह आज भी अफीम बेचने के उद्देश्य से टीक क्षेत्र में आने वाला है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम द्वारा रेडिंग पार्टी का गठन करके कुरुक्षेत्र रोड़ पर निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद एक व्यक्ति काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर पैदल आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम द्वारा काबू कर लिया गया। जिसकी पहचान नाथूलाल निवासी गांव सेधरा करनाली, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) के रूप में की। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे डीएसपी सुशील प्रकाश के समक्ष की गई जांच दौरान आरोपी के कंधे पर टंगे काले रंग के पिट्ठू बैग से 2 किलो 722 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई जगभान द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में एन्टी नारकोटिक सैल के एएसआई राजेश कुमार की टीम अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए गांव मोहना के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-152 डी के पुल के नीचे मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि पंजाब निवासी एक व्यक्ति अपनी सफेद रंग की इनोवा कार में भारी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर करनाल की तरफ से कैथल होते हुए पंजाब की ओर जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद बताए गए नंबर की इनोवा कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपनी पहचान परविन्द्र सिंह निवासी गांव दुधाला, जिला शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), पंजाब के रूप में बताई। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंचे डीएसपी कैथल रमेश चन्द्र के समक्ष ली गई तलाशी दौरान इनोवा कार की पिछली सीटों के पीछे रखे चार कट्टों से 65 किलो 730 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई रोहताश द्वारा गिरफ्तार करके नशा तस्करी में प्रयुक्त गाड़ी को जब्त कर लिया गया।
डीएसपी ने बताया की तीसरे मामले में सीआईए-1 प्रभारी सब इंस्पेक्टर जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई रघुबीर सिंह की टीम गांव ग्योंग क्षेत्र में अपराधों एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव बारवां, जिला कुरुक्षेत्र निवासी बलदेव सिंह उर्फ कालू तथा उसका भांजा रवि लंबे समय से गांजा फुल पत्ती की तस्करी का कार्य कर रहे हैं और महिन्द्रा सुपरो वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर कैथल की ओर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कैथल-कुरुक्षेत्र रोड स्थित हांसी-बुटाना नहर पुल के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। करीब रात 9 बजे कुरुक्षेत्र की ओर से एक संदिग्ध महिन्द्रा सुपरो वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का संकेत दिए जाने पर चालक और उसके साथ बैठा युवक वाहन से उतरकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान बलदेव सिंह उर्फ कालू निवासी गांव बारवां, जिला कुरुक्षेत्र तथा रवि निवासी फौजी प्लाट पेहवा, हाल निवासी गांव बारवां, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे डीएसपी बीर भान के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान गाड़ी के कैबिन से एक प्लास्टिक कट्टे से 20 किलो 780 ग्राम गांजा फुल पत्ती बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई गुरदान द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करके नशा तस्करी में प्रयुक्त गाड़ी जब्त कर ली गई। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी ने कहा की जिला पुलिस पुलिस का साफ संदेश है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों संबंधी कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत करवाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

एंटी नारकोटिक सैल पुलिस गिरफ्त में दोनों नशा तस्कर




