ठेके से नकदी व शराब चोरी करने के मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ द्वारा 4 आरोपी काबू, आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, कुल्हाड़ी व 1770 रुपये बरामद, भेजे जेल
कैथल, 05 जून (Sahil Kasoon) थाना सदर कैथल क्षेत्र के गांव छोत स्थित एक शराब ठेके से नकदी और शराब चोरी होने के मामले में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ द्वारा 4 आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव छोत निवासी मोतीलाल सिंह उर्फ मोतु कि शिकायत अनुसार उसने गांव छौत में स्कोच टैप चिल्लर के नाम से शराब का ठेका लिया हुआ है। 31 मई की रात करीब 10 बजे उसका सेल्समैन गांव छोत निवासी सुमित कुमार ठेका बंद करके अपने घर चला गया था। अगली सुबह 1 जून को जब सुमित ठेके पर पहुंचा तो उसने देखा कि ठेके की दीवार पर लगी खिड़की टूटी हुई थी। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 10 से 11 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके बाद जब ठेके का पूरा स्टॉक चेक किया गया तो पता चला कि अज्ञात चोर नकदी के साथ-साथ करीब 70 बोतल अंग्रेजी शराब भी चोरी कर ले गए हैं। जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो उसमें दो से तीन युवक संदिग्ध रूप से दिखाई दिए। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई ईशम सिंह की टीम द्वारा आरोपी गांव दुब्बल निवासी नरेंद्र सिंह, शिवांग व गांव कुराड़ निवासी अमन कुमार तथा उचाना खुर्द निवासी संदीप को काबू कर लिया गया। आरोपियों से व्यापक पूछताछ दौरान सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार ने दिन में ठेके की रेकी की थी तथा अन्य तीनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया हैं। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, कुल्हाड़ी सहित चोरीशुदा 1770 रुपये बरामद कर लिए गए। सभी आरोपियों को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

ठेका से नगदी व शराब चोरी के चारों आरोपी एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ गिरफ्त में।




