रोहतक नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी! मॉडल स्कूल भी कराया गया खाली, पुलिस अलर्ट

रोहतक ( Sahil Kasoon ) नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को खाली करवा दिया गया है। स्कूल और निगम कार्यालय में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है, जबकि लोगों में डर देखने को मिल रहा है।
नगर निगम के कमिश्नर सत्येन्द्र दुहन की मेल पर धमकी भरा मैसेज आया है, जिसके बाद से निगम कर्मचारी डरे हुए है। पूरे निगम कार्यालय को खाली करवा दिया है। वहीं, निगम के साथ ही मॉडल स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसके बाद सभी बच्चों की स्कूल से छुट्टी करके खाली करवाया गया है।

नगर निगम कमिश्नर सत्येंद्र दुहन ने मेल मिलने के बाद नगर निगम कार्यालय को खाली करने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद मॉडल स्कूल को भी खाली करने के निर्देश दिए गए। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने निगम और स्कूल को अपने अंडर में ले लिया।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान शंभू टांक ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे कमिश्नर सत्येंद्र दुहन की मेल पर मैसेज आया कि एक बजे से पहले नगर निगम को ब्लास्ट कर देंगे। मेल देखने के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निगम कमिश्नर ने तुरंत कार्यालय को खाली करने के आदेश दिए। कर्मचारियों में भय का माहौल है। वहीं, साथ लगते मॉडल स्कूल को भी खाली करवा दिया गया है।

मॉडल स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन की तरफ से बच्चों के अभिभावकों को फोन करके छुट्टी करने की बात बताई गई। इसके बाद जब अभिभावक स्कूल पहुंचे तो मामले का पता चला, जिसके बाद अभिभावक भी बच्चों को लेकर डरे हुए नजर आए।

नगर निगम मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि कमिश्नर सत्येंद्र दुहन की मेल पर एक मैसेज खालिस्तान के नाम से आया हुआ है, जिसमें नगर निगम और मॉडल स्कूल को उड़ाने की बात कही गई है। इस मामले में डीसी और एसपी से बात करके बिल्डिंग को खाली करवा दिया है। स्कूल की भी छुट्टी करवाई गई है।

मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि एसपी गौरव राजपुरोहित ने अपनी एजेंसी को जांच के लिए लगा दिया है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। एसपी का कहना है कि फेक मेल है। लेकिन सावधानी के तौर पर बिल्डिंग को खाली करवाकर रंगशाला में कर्मचारियों को शिफ्ट किया गया है।

मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि अभी तक कोई दिक्कत नजर नहीं आ रही है। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। वह खुद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में बैठे हुए थे, जब उन्हें इसके बारे में पता चला। वह कार्यक्रम को छोड़कर आए हैं और स्थिति का जायजा लिया है।




