करनाल में टूरिस्ट बस-ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर:10 लोग घायल, दिल्ली से मनाली जा रहे थे; डिवाइडर से टकरा कर पलटी ट्रॉली

करनाल (Sahil Kasoon) तरावड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां दिल्ली से मनाली जा रही टूरिस्ट बस की ट्रक और ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली से जा टकराया और ट्रैक्टर-ट्राली रेलिंग व साइन बोर्ड से टकराकर पलट गई। हादसे में करीब 8 से 10 लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलो को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हाइड्रा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया और यातायात सुचारू किया।

एएसआई सुभाष चंद्र के अनुसार शुक्रवार की देर रात वोल्वो बस दिल्ली से मनाली की तरफ जा रही थी। बस के आगे ट्रक और उसके आगे ट्रैक्टर-ट्राली चल रही थी। अचानक बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर हाईवे और सर्विस रोड के बीच पलट गई।
हादसे के वक्त बस में सवार यात्री सो रहे थे। यात्रियों ने बताया कि अचानक जोरदार झटका लगा, जिससे पूरी बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों के सिर और मुंह पर चोटें आई हैं। बस में सवार करीब 6-7 यात्रियों को चोटें लगी हैं, जबकि अन्य को भी हल्की चोटें आई हैं।

हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रक और ट्रैक्टर-ट्राली को भी नुकसान पहुंचा है। ट्रैक्टर-ट्राली में हरा चारा भरा हुआ था, जो पलटने के बाद सड़क पर फैल गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारु रूप से चालू करवाया गया।

पुलिस ने सभी घायलों को तरावड़ी के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य कर दी गई।




