कुरुक्षेत्र में आरोपी कंसल्टेंट डॉक्टर अरेस्ट, महिला आयोग ने लिया संज्ञान
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में इलाज कराने आई नाबालिग लड़की के साथ रेप करने वाले आरोपी कंसल्टेंट डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी डॉक्टर शैलेंद्र शर्मा शैली अस्पताल से छुट्टी लेकर फरार हो गया था।
उधर, हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है। आयोग ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को मामले में तुरंत और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह नाबालिग की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।

आयोग ने आरोपी डॉक्टर की सेवा समाप्त करने पर विचार करने को कहा है। साथ ही पीड़िता की सुरक्षा, काउंसलिंग और पुनर्वास सुनिश्चित करने तथा जल्द से जल्द कार्रवाई रिपोर्ट आयोग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि विभाग की ओर से कल रात ही आरोपी डॉक्टर की सेवाएं समाप्त कर दी थी।
उधर, पीड़ित लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पिता के मुताबिक, पीड़ित लड़की 25 मई कोई आरोपी डॉक्टर के पास पहली बार अपने पिता के साथ आई थी। 29 मई को नाबालिग लड़की पेट दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल पहुंची थी। पिता खुद भी बुखार से पीड़ित थे।

शिकायत के मुताबिक, 29 मई को डॉक्टर ने पिता को मेल और बेटी को फीमेल वार्ड में भर्ती कर दिया। बाद में पिता बेटी से मिलने पहुंचा, तो वह सहमी हुई और गुमसुम बैठी थी। काफी पूछने पर लड़की रो पड़ी और उसने डॉक्टर की सारी करतूत अपने पिता को बताई। उसके बाद उसे इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया।
पिता ने शिकायत में कहा कि आरोपी डॉक्टर ने उसे अपनी ओपीडी 426 में चेकअप के नाम पर पहले उसे बेड पर लिटाया। इसके बाद उसकी छाती को जोर-जोर से दबाया और मुंह भी लगाया। डॉक्टर ने उसके कपड़े नीचे कर प्राइवेट पार्ट से छेड़खानी की। आरोपी ने लड़की के प्राइवेट पार्ट में पहले फिंगर डाली और उसके बाद मल्टीपल सेक्सुअल असॉल्ट किया।

इस दौरान उसे तेज दर्द हुआ और उसके बाद से लगातार ब्लीडिंग शुरू हो गई। ब्लीडिंग के बाद डॉक्टर ने उसे फीमेल वार्ड में भर्ती कर दिया। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसी रात करीब 8:30 बजे लड़की को ज्यादा ब्लीडिंग होने पर फीमेल वार्ड से इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया।
इलाज के दौरान लड़की ने सीनियर डॉक्टरों को उसके साथ ओपीडी में रेप की बात बताई। इसके बाद गायनोलॉजिस्ट को बुलाया गया, जहां मेडिकल जांच में मल्टीपल टाइम सेक्सुअल असॉल्ट की बात सामने आई। मामला खुलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित लड़की की मां की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी है।





