कैथल पहुंचीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी, ‘नारी वंदन अधिनियम लागू करो’ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत

कैथल, 26 जून ( Sahil Kasoon) हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा कैथल में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत ‘नारी वंदन अधिनियम लागू करो’ हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी का महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर की महिला कांग्रेस पदाधिकारियों सहित सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने संसद में नारी वंदन अधिनियम पारित कर देश की महिलाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के साथ विश्वासघात है। यदि सरकार वास्तव में महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर होती तो महिलाओं को अब तक लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल चुका होता।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और व्यापार सभी क्षेत्र प्रभावित हैं। लाखों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, सरकारी विभागों में रिक्त पद वर्षों से नहीं भरे जा रहे और महिलाएं अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। महिला कांग्रेस पूरे हरियाणा में हस्ताक्षर अभियान चलाकर महिलाओं की आवाज़ को संसद तक पहुंचाएगी और नारी वंदन अधिनियम को तत्काल लागू कराने के लिए संघर्ष को और तेज करेगी।
कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को निराश किया है। पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी ने आमजनमानस की कमर तोड़ कर रख दी है। रसोई गैस की बढ़ोत्तरी ने महिलाओं की रसोई को प्रभावित किया है। किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, युवा और महिलाएं सभी सरकार की गलत नीतियों से परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करेगी।
प्रदेश महासचिव प्रिग्या पाशा जैन ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ और गांव तक संगठन का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश महासचिव सीमा हुड्डा ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन सृजन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करती है, जबकि कांग्रेस महिलाओं को वास्तविक अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशीला शर्मा ने सभी अतिथियों एवं महिला कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कैथल की महिलाओं का उत्साह यह साबित करता है कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और महिला कांग्रेस के नेतृत्व में इस जनआंदोलन को और मजबूत करेंगी।
इस अवसर पर गुरुग्राम से डॉ. सिमरन यादव, पूर्व प्रदेश महिला सचिव अन्नपूर्णा, रंजीत कौर, चित्रा राणा, पूनम सैनी, पूनम पांचाल (सजूमा), सुनीता, मूर्ति, सुनीता राणा, अनीता, जेलो कौर सहित उनके नेतृत्व में विभिन्न जिलों से आई महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने नारी वंदन अधिनियम को तत्काल लागू करने, महिलाओं को समान राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने, युवाओं के लिए प्रत्येक क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित करने, रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती करने तथा जनविरोधी भाजपा सरकार की नीतियों के विरुद्ध लोकतांत्रिक संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया।




