पुलिसकर्मी समझकर युवक के माथे पर गोली मारी, मौत:अंबाला में गो-तस्करों के पीछे लगी थी टीम; पिकअप सवारों ने फायरिंग की
कुछ दूरी पर बाइक सवार युवकों को पुलिसकर्मी समझकर तस्करों ने उन पर गोली चला दी, जिसमें एक युवक के माथे पर गोली लग गई। इसके बाद तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। शनिवार सुबह मंत्री अनिल विज सिविल अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की।

DSP रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजोखरा थाना क्षेत्र के टुंडला के पास गो-तस्कर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तस्करों को घेरने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की गाड़ी के शीशे पर गोली भी लगी। इसी दौरान गरनाला निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (25) अपने दोस्त नक्षत्र सिंह के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। दोनों एक कैंटीन में काम करते थे। जब वे तोपखाना रोड पर टुंडला मोड़ के पास पहुंचे। सामने पिकअप में वही गो-तस्कर आ रहे थे, जिनका पुलिस पीछा कर रही थी।
रात के अंधेरे में हेलमेट पहने दोनों युवकों को देखकर तस्करों को लगा कि सामने पुलिस की नाकाबंदी है और दोनों युवक पुलिसकर्मी हैं। खुद को घिरता देख उन्होंने देसी कट्टे से बाइक सवारों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे गुरप्रीत सिंह के माथे पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। इस हमले में नक्षत्र सिंह बाल-बाल बच गया।
वारदात के बाद तस्कर मौके से भाग निकले और कुछ दूरी पर अपनी पिकअप गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पिकअप में एक बैल और एक गाय लदी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही तस्करों को पकड़ लिया जाएगा।

शनिवार सुबह जब वारदात की सूचना कैबिनेट मंत्री अनिल विज को लगी तो वह सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने गुरप्रीत के परिजनों को ढांढस बंधाया और गो तस्करों को जल्दी गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अंबाला के एसपी को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी प्रकार भी ऐसे गो-तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।




