सड़क हादसे में पति-पत्नी, बेटी-पोते सहित 6 मौतें:कार के परखच्चे उड़े, मुकाम धाम दर्शन कर फतेहाबाद लौट रहे थे; 15 दिन पहले रिटायर हुए
हरियाणा (Sahil Kasoon) फतेहाबाद के एक ही परिवार के 6 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार मुकाम धाम में दर्शन कर वापस लौट रहा था। राजस्थान के श्रीडूगंरपुर आते ही उनकी स्विफ्ट डिजायर कार सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर गई।
हादसे में स्विफ्ट डिजायर कार के परखच्चे उड़ गए। रोड पर भी कई फीट गाड़ी के टायरों के घिसटने के गहरे निशान बन गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान मताना गांव के रिटायर्ड सीनियर अकाउंटेंट ओमप्रकाश के परिवार के रूप में हुई। ओमप्रकाश 15 दिन पहले ही फतेहाबाद DDPO ऑफिस से रिटायर हुए थे। इस हादसे में ओमप्रकाश के अलावा उनकी पत्नी, बेटी, इकलौते पोते और 2 दोहती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दोहती का गंभीर हालत में हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
ओमप्रकाश के परिवार में अब एक बेटा और बहू बचे हैं। बेटे का कहना है कि पिता हर महीने अमावस्या पर मुकाम धाम जाते थे, इस बार रिटायरमेंट के बाद पहली बार मुकाम जा रहे थे।


फतेहाबाद के मताना गांव के रिटायर्ड सीनियर अकाउंटेंट ओमप्रकाश परिवार सहित बीकानेर के मुकाम धाम में परिवार के दर्शन करने गए थे। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे वे अपनी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी से वापस गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान श्रीडूंगरपुर थाना क्षेत्र के हेमासर के पास पहुंचते ही एक ट्रक से उनकी गाड़ी की आमने- सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ओमप्रकाश सहित परिवार के 6 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी लोगों की बॉडी बाहर निकाली। वहीं एक्सीडेंट में घायल बच्ची को श्रीडूंगपुर सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहीं, मृतकों के शवों को श्रीडूंगरपुर सीएचसी में रखवा दिया गया।

हादसे में ओमप्रकाश सहित उनकी पत्नी सोरमा देवी (55), बेटी प्रमिला (30), दोहती यशवी (10) व खुशी (8) और पोते रोनित (4) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल तीसरी दोहती तन्वी की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव के सरपंच दलबीर वर्मा ने बताया कि ओमप्रकाश सुथार 31 मई को ही फतेहाबाद के डीडीपीओ कार्यालय से सीनियर अकाउंटेंट पद से रिटायर हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग श्रीडूगंरपुर के लिए रवाना हो गए।
ओमप्रकाश अपने परिवार के साथ कल (रविवार) दोपहर मुकाम धाम के लिए रवाना हुए थे। ओमप्रकाश खुद ही गाड़ी ड्राइव कर रहे थे। जिसके बाद देर रात मुकाम पहुंचे। सुबह दर्शन करने के बाद करीब 11 बजे मुकाम से वापस फतेहाबाद के लिए रवाना हुए थे। ओमप्रकाश परिवार के साथ मताना गांव में भोडिया रोड पर बनी ढाणी में रहते थे।




