पंचकूला में बड़ा हादसा, बच्चों से भरी स्कूल बस ने 6 गाड़ियों को मारी टक्कर, 20 बच्चे बाल-बाल बचे
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त स्कूल बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। बस के गाड़ियों से टकराते ही अंदर बैठे बच्चे बुरी तरह डर गए और रोने-चिल्लाने लगे। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि इस भयानक टक्कर के बावजूद बस पलटी नहीं और इसमें बैठे सभी बच्चे बाल-बाल बच गए। किसी भी बच्चे को गंभीर चोट आने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। जिन लोगों की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई थीं, उन्होंने स्कूल बस के ड्राइवर की लापरवाही को लेकर मौके पर जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है और यह जांच की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ या फिर बस के ब्रेक फेल होने की वजह से। स्कूल प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।




