रोहतक हाईवे पर भीषण हादसा! झपकी लगने से ट्रक में घुसी कार, दो कारोबारी भाइयों समेत 3 की मौत
रोहतक ( Sahil Kasoon ) नेशनल हाईवे पर एक ट्रक में कार घुसने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। गाड़ी चला रहे ड्राइवर की भी हादसे में मौत हो गई।
हादसा आज वीरवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे खैड़की मोड़ के पास हुआ। कार ड्राइवर की आंख लगने से टाटा पंच गाड़ी आगे चल रहे ट्रक के पीछे घुस गई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया।

हादसे में मृतक भाइयों की पहचान मोहल्ला फ्रांसखाना निवासी मनीष कुमार जैन और मनोज जैन के रूप में हुई। दोनों क्रेशर संचालक थे। उनका क्रेशर प्रदेश की सीमा के साथ लगते राजस्थान के नीमकाथाना क्षेत्र में लगा हुआ है। नेशनल हाइवे 152D पर गांव खैड़की के पास से टाटा गाड़ी अंबाला की तरफ से आई थी, जो नारनौल की तरफ जा रही थी। सुबह करीब 5 बजे टाटा गाड़ी ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी, जिसके कारण टाटा गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।मृतक मनोज जैन व मनीष जैन दो-दो बच्चों के पिता हैं। मनोज कुमार की उम्र करीब 45 वर्ष है, जबकि मनीष कुमार की उम्र करीब 50 साल है। मनीष के एक लड़का व एक लड़की हैं। वहीं मनोज के दो लड़कियां हैं। किसी भी बच्चे की शादी नहीं हुई है।दोनों भाइयों के साथ गए ड्राइवर की अभी पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई नांगल चौधरी की तरफ से ही ड्राइवर लेकर जाते थे।

कलानौर थाना के जांच अधिकारी रवीश ने बताया कि सुबह 152D पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में मरे तीनों लोगों के शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी। साथ ही शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेजा गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।




