loader image
Monday, September 14, 2026

पंचकूला में ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 3 दोस्तों की मौत; 2 गंभीर घायल

 

हरियाणा के पंचकूला में रविवार देर रात ट्रक और कार में भीषण टक्कर हो गई। रात करीब ढाई बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी। हादसे में कार सवार युवती समेत 3 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 2 युवक घायल हो गए।

ट्रक टाबर गांव की तरफ टर्न ले रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने नियंत्रण खो दिया और कार ट्रक के तेल टैंक के पास जा टकराई। हादसे के बाद कार के सभी एयरबैग खुल गए। गनीमत रही कि ट्रक के तेल टैंक के पास टक्कर के बावजूद आग नहीं लगी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में दिव्या और उसके दो दोस्तों की मौत हो गई।
हादसे में दिव्या और उसके दो दोस्तों की मौत हो गई।

घटना रायपुररानी थाना क्षेत्र के टाबर गांव की है। स्विफ्ट कार में कुल 5 लोग सवार थे। सभी की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है और वे आपस में दोस्त थे। जानकारी के मुताबिक, 4 दोस्त दिव्या को उसके घर अंबाला के शहजादपुर छोड़ने जा रहे थे। हाईवे पर टाबर गांव की तरफ ट्रक के मुड़ने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार उसमें जा घुसी।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, कार की टक्कर ट्रक के तेल टैंक के पास हुई। कार की रफ्तार अधिक होने के कारण ड्राइवर उसे संभाल नहीं सका। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कार के सभी एयरबैग खुल गए थे और आगे की सीटों पर बैठे दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

हादसे में अंबाला के शहजादपुर निवासी दिव्या, सेक्टर-19 पंचकूला निवासी संदीप और मोहर सिंह निवासी सेक्टर-26 पंचकूला की मौत हुई है। ऋषि निवासी सेक्टर-19 पंचकूला और पुष्कर निवासी डेराबस्सी घायल हुए हैं। दोनों के सिर, चेहरे पर चोटें आई हैं और हाथ-पैर टूट गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अस्पताल में भर्ती घायलों का इलाज होता हुआ। उनके सिर-पैर में गंभीर चोट लगी है।
अस्पताल में भर्ती घायलों का इलाज होता हुआ। उनके सिर-पैर में गंभीर चोट लगी है।

मृतका दिव्या ने BCA की पढ़ाई पूरी कर ली थी और मोहाली की एक कंपनी में इंटर्नशिप कर रही थी। हादसे में जान गंवाने वाले मोहर सिंह पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया की एक कंपनी में काम करते थे, जबकि संदीप मोहाली के एक होटल में जॉब करते थे।

हादसे की सूचना मिलने के बाद रायपुररानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

SHO प्रीतम सिंह के अनुसार, मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!