हिसार जिला अटॉर्नी के बेटे की श्रीलंका में मौत, समुद्र में राफ्टिंग के दौरान हुआ हादसा
( साहिल कसून ) हिसार के जिला अटॉर्नी (DA) सुनील परुथी के 25 वर्षीय बेटे समृद्ध परुथी की सोमवार को श्रीलंका में समुद्र में डूबने से मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गया था। राफ्टिंग के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें उसके दो दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना से कुछ देर पहले उसने अपने पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। हादसे की सूचना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे परिवार को मिली। हादसे की जानकारी मिलते ही समृद्ध के चाचा और जीजा फ्लाइट से श्रीलंका के कोलंबो पहुंच गए। समृद्ध की बहन की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। उसके दादा ज्ञानचंद भूना के सरपंच रह चुके हैं।
समृद्ध परुथी ने नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS), मुंबई से BBA किया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद हिसार में बिजनेस शुरू करने की योजना थी। समृद्ध के पिता ने 15 दिन की छुट्टी ली थी, ताकि बेटे के साथ समय बिता सकें और उसका बिजनेस यहां सेट कर सकें। समृद्ध 9 सितंबर को अपने 15 दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गया था। उसकी 16 सितंबर को वापस हिसार लौटने की योजना थी।
जिला बार प्रधान प्रदीप बाजिया ने बताया कि सोमवार को समुद्र में राफ्टिंग के दौरान हादसा हुआ। समृद्ध के साथ मौजूद दो अन्य दोस्त भी समुद्र में डूब गए थे। उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद समृद्ध को भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे से कुछ घंटे पहले समृद्ध ने अपने पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। उसने पिता को बताया था कि वह समुद्र में राफ्टिंग के लिए जा रहा है। इस पर पिता ने मौसम खराब होने का हवाला देते हुए उसे राफ्टिंग के लिए जाने से मना किया था। इसके बावजूद समृद्ध जिद करके चला गया। पिता ने उसे समुद्र में ज्यादा गहराई तक नहीं जाने की हिदायत भी दी थी।
हादसे की सूचना सोमवार दोपहर बाद हिसार कोर्ट परिसर में एडवोकेट्स के पास पहुंची। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला अटॉर्नी सुनील परुथी के प्रति संवेदना जताई। हादसे के चलते आज हिसार कोर्ट में वर्क सस्पेंड रखा गया है।





