कैथल में R Nait की टीम को नोटिस, शूटिंग के दौरान हथियारों के प्रदर्शन का आरोप
( साहिल कसून ) कैथल में पुलिस ने पंजाबी सिंगर R Nait की टीम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस इसलिए जारी किया गया है, क्योंकि सिंगर R Nait ने कैथल के गांव कमालपुर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन किया। पुलिस का मानना है कि इस प्रकार हथियारों का प्रदर्शन करने से समाज में भय का माहौल पैदा होता है। इसलिए इस प्रकार की गतिविधियां जायज नहीं हैं।
बता दें कि R Nait तीन दिन पहले कैथल के कलायत क्षेत्र में गांव कमालपुर में शूटिंग के लिए पहुंचे थे। उनके साथ महिला कलाकार शिवा चौधरी भी शूटिंग में शामिल थी। इस दौरान गाने की शटिंग में बड़े बड़े हथियारों का प्रयोग करते हुए दिखाया गया। टीम के सदस्य अपने अपने हाथों में असलहा लेकर उसे लहराते हुए देखे गए। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो पुलिस ने यह कार्रवाई की।
हालांकि फिल्म और गाने की शूटिंग के लिए टीम की ओर से पुलिस से अनुमति ली गई थी, लेकिन पुलिस ने असलहे के प्रदर्शन को गलत बताते हुए यह नोटिस जारी किया है। ऐसे में पुलिस ने आर नेट की टीम के डायरेक्टर परम चहल को नोटिस जारी किया है और उसे जल्द से जल्द जवाब देने की बात कही है।
डीएसपी बीर भान ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जिला पुलिस के संज्ञान में आया है कि कलायत क्षेत्र में पंजाबी गायक R Nait की फिल्म एवं म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान बिना अनुमति हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे आमजन में भय का माहौल उत्पन्न होने की आशंका है। इस संबंध में परम चहल फिल्म डायरेक्टर/प्रोड्यूसर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीएसपी बीर भान ने अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन न करें। हथियारों का अनावश्यक प्रदर्शन कानूनन कार्रवाई का कारण बन सकता है। कैथल पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गैर कानूनी गतिविधियां नोटिस में आती हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नोटिस के बारे में बताते डीएसपी बीर भान पंजाबी सिंगर R Nait की टीम ने शूटिंग के दौरान असलहे का प्रदर्शन किया




