नशा मुक्त हो जिला अभियान तहत कैथल पुलिस का लगातार एक्शन, नशा व शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए थाना कलायत तथा थाना सीवन क्षेत्र में चलाया गया सघन सर्च अभियान,
कैथल, 04 जून (Sahil Kasoon) जिला में नशा व शराब तस्करों की धरपकड़, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कैथल पुलिस द्वारा “नशा मुक्त हो जिला अभियान” के तहत लगातार विशेष कॉम्बिंग एवं चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रतिदिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों के गांवों और बस्तियों को चयनित कर सर्च अभियान चलाया जाता है। इसी कड़ी में वीरवार को थाना कलायत तथा थाना सीवन द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों व ठिकानों की गहन जांच की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना कलायत एसएचओ पीएसआई अमन की अगुवाई में कलायत में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त थाना सीवन प्रभारी एसआई जयभगवान के नेतृत्व में गांव सीवन में संदिग्ध नशा व शराब तस्करों के घरों तथा संभावित ठिकानों पर विशेष सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों द्वारा गहन तलाशी लेते हुए यह जांच की गई कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी सामग्री छिपाकर तो नहीं रखी गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य कैथल को नशा मुक्त बनाना तथा अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा तस्करी जैसे समाज विरोधी अपराधों में शामिल व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस द्वारा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन, चेकिंग अभियान तथा निगरानी की जा रही है। कैथल पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी, ताकि जिला में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।





