समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का जल्द समाधान करें अधिकारी : डीसी अपराजिता
कैथल, 5 जून (Sahil Kasoon) डीसी अपराजिता ने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध समाधान किया जाए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक शिकायत का तय समय सीमा में निपटान करें तथा उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर समय पर अपलोड की जाए।
डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने विभाग अनुसार एक-एक करके सभी पेंडिंग शिकायतों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीसी ने नागरिकों की समस्याएं भी सुनी।
उन्होंने कहा कि जिला व उपमंडल स्तर पर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। इस दौरान इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एक स्थान पर मौजूद रहते हैं, ताकि नागरिकों की समस्याओं सुनकर जल्द समाधान करवाया जा सके। जिला के नागरिकों को भी इन समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखनी चाहिए।
डीसी अपराजिता ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविरों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता से मिल सके।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, ईओ एचएसवीपी वकील अहमद, शुगर मिल एमडी कृष्ण कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीडीपीओ रितु लाठर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




