loader image
Monday, June 1, 2026

हरियाणा- ₹3 हजार के लिए दोस्त का मर्डर:सिर में हथौड़े से वार किए, पैसे चुराने का शक था; शराब पीते समय कहासुनी हुई

नागरिक अस्पताल के मोर्चरी में रखा मृतक कामेश्वर दास का शव - Dainik Bhaskar

नागरिक अस्पताल के मोर्चरी में रखा मृतक कामेश्वर दास का शव

हरियाणा के कैथल में 3 हजार रुपए के लिए दोस्त का कत्ल कर दिया गया। दोनों दोस्त शराब पीने साथ बैठे थे, तभी एक दोस्त ने दूसरे से कहा कि मेरी जेब से पैसे गायब हो गए हैं। साथी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये सब तेरा ही खेल है।

दोनों में इसको लेकर झगड़ा बढ़ गया और हाथापाई होने लगी। गुस्से में उमेश दास ने पास रखे हथौड़े से दोस्त कामेश्वर के सिर में कई वार किए। हमले के बाद कामेश्वर के सिर से काफी खून बहने लगा। जब वो चिल्लाया तो लोग इकट्ठा होकर उसे अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हत्या करने के बाद आरोपी उमेश मौके से फरार हो गया। दोनों साथ में खेत में काम करते थे।

मामले में पुलिस ने पूंडरी थाना में उमेश पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ शिव कुमार ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बारे में बताते पूंडरी थाना एसएचओ शिवकुमार
घटना के बारे में बताते पूंडरी थाना एसएचओ शिवकुमार

बिहार के शिवहर जिले के तरियानी छापरा गांव का रहने वाला कामेश्वर दास (36) अपने दो दोस्तों उमेश (34) और राकेश (34) के साथ कैथल के गांव भाना में गन्ना लगाने के काम के लिए आया था। तीनों कृष्ण नाम के किसान के खेत में मजदूरी कर रहे थे। काम के दौरान रहने की व्यवस्था खेत में बने ट्यूबवेल के साथ कमरे में की गई थी, जहां वे रात को ठहरते थे।

शनिवार रात काम खत्म होने के बाद तीनों मजदूर ट्यूबवेल के साथ के कमरे में बैठकर शराब पीने लगे। कुछ देर बाद राकेश खाना बनाने के लिए वहां से चला गया। इसके बाद कमरे में केवल कामेश्वर दास और उमेश दास ही मौजूद थे। दोनों शराब पीते हुए बातचीत कर रहे थे, तभी उमेश को पता चला कि उसकी जेब से 3 हजार रुपए निकल गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि उमेश दास ने कामेश्वर दास पर उसके 3 हजार रुपए निकाल लेने का आरोप लगाया था। शराब के नशे में विवाद तेजी से बढ़ गया और दोनों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई होने लगी। आरोप है कि उमेश दास बार-बार अपने रुपए वापस मांग रहा था, जबकि कामेश्वर दास इससे इनकार कर रहा था।

विवाद बढ़ने पर उमेश दास ने कमरे में पड़ा एक हथौड़ा उठा लिया और गुस्से में कामेश्वर दास के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत पूंडरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पूंडरी थाना एसएचओ शिव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी उमेश दास के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!