सोनीपत सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत: ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, दोनों 3-3 बच्चों के पिता थे
सोनीपत ( Sahil Kasoon) सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। गन्नौर कोर्ट में जरूरी काम से जा रहे दो दोस्तों की बाइक आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार और लापरवाही के बीच हुए इस हादसे में बाइक सवार 2 दोस्तों की जान चली गई। दोनों अपने परिवार के इकलौते सहारा थे और रोजी-रोटी के लिए मेहनत-मजदूरी करते थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, पत्नी और मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुरथल थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और। पुलिस द्वारा ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

परिजनों ने बताया कि मरने वाले 33 वर्षीय सुनील और उसके दोस्त दीपक थे। जानकारी के अनुसार सुनील और दीपक पल्सर बाइक पर सवार होकर गन्नौर कोर्ट जा रहे थे। बताया गया कि सुनील को अपना लाइसेंस लेने के लिए कोर्ट जाना था।
जब वे कुराड़ बाईपास के पास पहुंचे तो उनके आगे जेबीएम कंपनी का एक ट्रक चल रहा था। आरोप है कि ट्रक ड्राइवर ने हवा भरवाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही बाइक संभल नहीं सकी और सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार, दोनों दोस्त सोनीपत के देवड़ू रोड स्थित ऋषिकुल स्कूल के पास किराए के मकान में रहते थे। वहीं से रोज मजदूरी के लिए आते-जाते थे। घटना वाले दिन भी दोनों एक साथ काम और जरूरी दस्तावेज संबंधी कार्य के लिए गन्नौर जा रहे थे।

सुनील के परिजन रजत ने बताया कि 33 वर्षीय सुनील गन्नौर की शास्त्री नगर कॉलोनी का रहने वाला था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, आठ और सात साल की दो बेटियां तथा तीन साल का एक बेटा है।
सुनील के परिवार में अब कोई बड़ा पुरुष सदस्य नहीं बचा है। केवल उसकी बुजुर्ग दादी जीवित हैं। परिजनों ने बताया कि सुनील कई बार मजाक में कहता था कि अगर मुझे कुछ हो गया तो दादी को कंधा कौन देगा। आज वही बात हकीकत बन गई और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे में जान गंवाने वाला दीपक भी विवाहित था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके भी तीन छोटे बच्चे हैं। दीपक ही बाइक चला रहा था जबकि सुनील पीछे बैठा हुआ था। एक ही हादसे में दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं।
मुरथल थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





