मंत्री कृष्ण लाल पंवार का बड़ा एक्शन! भरी बैठक में महिला SHO और ASI को किया सस्पेंड
पंचकूला में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बीच मीटिंग में महिला थाना की SHO राजेश कुमारी और ASI कविता को सस्पेंड कर दिया। PWD रेस्ट हाउस में सोमवार को चल रही ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में मंत्री ने कहा कि इनको कानून के ज्ञान की जरूरत है, इसलिए इनका हैडक्वार्टर भी भौंडसी रखा जाए, यह मैं सिफारिश करता हूं।
हालांकि, डीसीपी अदिति ने कहा कि वे पहले इसकी इंक्वायरी करेंगी, उसके बाद ही सस्पेंड किया जाना चाहिए। लेकिन मंत्री ने कहा कि इनको मैं आज ही सस्पेंड करता हूं, अगर कोई रोल नहीं मिलता है, तो इनको फिर बहाल कर देना, लेकिन आज ये सस्पेंड होंगी।

पंचकूला के सेक्टर-15 निवासी मनीषा कुमारी ने शिकायत देते हुए बताया था कि ससुराल वालों ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया था। लेकिन इंक्वायरी के दौरान दोनों पुलिस अधिकारियों ने दहेज प्रताड़ना के केस में पीड़िता के ससुर का नाम केस में शामिल नहीं किया, जबकि उनके द्वारा 6 लाख रुपए लिए जाने के सबूत दिए गए थे।
ग्रीवेंस कमेटी मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने सुनवाई के दौरान पाया कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सहीं ढंग से काम नहीं किया, क्योंकि आरोपी खुद पुलिसकर्मी है, जो इन दिनों यमुनानगर सीआईए में तैनात है। जिसके बाद उन्होंने सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
मीटिंग में नहीं आने पर पंचायती राज विभाग के एक्सईएन व HSIIDC के एस्टेट मैनेजर धीरज जोशी और जिला बाल कल्याण अधिकारी शिवानी को भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि ये लोग बिना सूचना के मर्जी से नहीं आए। इन्होंने मंत्री और डीसी तक अपने नहीं आने के कारण की सूचना भेजना भी जरूरी नहीं समझा। ऐसे में इन्हें ऐसे ही नहीं छोड़ा जा सकता।
महिला थाना अध्यक्ष राजेश कुमारी ने जब मामले में सफाई देने की कोशिश की, तो मंत्री पंवार भड़क गए, उन्होंने कहा कि 40 साल से MLA-MP बनता आ रहा हूं, मुझे मत समझाओ। विधानसभा की हर कमेटी में रह चुका हूं, तुम्हारे DA से ज्यादा ज्ञापन है मुझे।




