दर्दनाक बस हादसा: महिला समेत 3 यात्रियों की मौत, 12 घायल | फतेहाबाद-टोहाना रोड पर पलटी बस
हरियाणा ( Sahil Kasoon ) फतेहाबाद से टोहाना आ रही की 52 सीटर प्राइवेट बस सोमवार सुबह अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है।
सदर थाना प्रभारी बीर सिंह के मुताबिक मृतकों में टोहाना सिटी थाने में कार्यरत होमगार्ड बलविंदर सिंह भी शामिल हैं। वह गांव डुल्ट के रहने वाले थे। बलविंदर की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी और पत्नी गर्भवती हैं।
वहीं, छात्रा बोहती देवी (16) जो बस के गेट पर लटक रही थी। उसकी दबने से मौत हो गई। 70 वर्षीय मोनी देवी की भी जान चली गई। ड्राइवर की गिरफ्तार को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर ही धरना दे दिया। उन्होंने कहा कि ये लोग स्कूली बच्चों को देखते ही बसें दौड़ा देते हैं।
पुलिस के अनुसार, बस में लगभग 50-55 सवारियां थीं। स्थानीय लोगों की मदद से बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। बस में सवार यात्रियों ने लापरवाही का आरोप लगाया। सवारियों ने बताया कि कंडक्टर बस चला रहा था। गांव चंदड निवासी यात्री राममेहर ने बताया कि बस की स्पीड काफी थी। गांव भोडी के पास कट पर ड्राइवर ने तेजी से बस मोड़ दी। जिससे बस बेकाबू होकर खेत में जा पलटी। लोगों के प्रदर्शन के बाद ड्राइवर-कंडक्टर को हिरासत में लिया गया।
हादसे के PHOTOS…



हादसे की सूचना मिलने पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाने में मदद की और प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया।
आक्रोशित लोगों ने कहा कि प्राइवेट बस का स्टाफ स्कूल में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को पहले तो बस में नहीं चढ़ाते। उन्हें देखते ही बस दौड़ा लेते हैं। अगर चढ़ा लें तो उन्हें सीट नहीं मिलती। इस हादसे में भी एक छात्रा गेट के पास लटक रही थी। इसी कारण उसकी मौत हुई है।

होमगार्ड करीबन 10 साल पहले जॉइन हुआ था। अभी उसकी ड्यूटी टोहाना कोर्ट में थी। उनकी 1 साल पहले शादी हुई थी। पत्नी गर्भवती है। उसका एक बड़ा भाई और एक बहन भी हैं। दोनों शादीशुदा हैं। वह अपनी ड्यूटी पर आने के लिए बस में सवार हुआ था और गांव भौडी के पास यह हादसा हो गया। अब परिवार पत्नी को नौकरी देने की मांग कर रहा है।
हिसार के गांव सिवानी बोलान निवासी संतोष (46), सुनीता (52), सुदेश (49), शैलू (21), टोहाना के गांव भोडियाखेड़ा निवासी सरोज (45), गांव बोस्ती निवासी शकुंतला (72), गांव बाबमपुरा निवासी संदीप रानी (21) , गांव चंदड़ कलां निवासी बिरमती (55), गांव बोस्ती निवासी राजरानी (65), सोनीपत निवासी सुषमा (60), सोनीपत निवासी संतोष (58), गांव बोस्ती निवासी हरविंदर कौर (16), गांव बोस्ती निवासी सवाना (36), सिवानी बोलान निवासी किरना (60) शामिल हैं।
इनमें गांव बोस्ती निवासी स्वरूप (26), गांव बोस्ती निवासी हरबंस (18) पुत्र अजमेर, बलबीर (72), गांव डूल्ट निवासी वीरेंद्र (15) पुत्र जगदेव, रतिया निवासी रामकिशन (50), गांव ढाणी भोजराज निवासी बलदेव (62) शामिल हैं। निजी अस्पताल में भर्ती घायलों में महिला रिंकू (24), एक वर्षीय बच्चा जशन, परमजोत कौर (22), नरेंद्र (14), दीपक (13), रिंपी (26), दक्ष (18) भी शामिल हैं।
ग्रामीणों के जाम लगाने के PHOTOS….


गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर और कंडक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया और गांव भौडी में टोहाना-फतेहाबाद रोड जाम कर दी।
धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम आकाश शर्मा और डीएसपी जय भगवान ने घटनास्थल का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की।
डीएसपी जय भगवान ने बताया कि आरोपी बस चालक जयविंद्र और परिचालक लखविंद्र लहरिया को हिरासत में ले लिया है। बस फतेहाबाद निवासी विशाल बिश्नोई की बताई जा रही है। लोगों के अनुसार हादसे के समय बस को भोडी गांव निवासी जयविंद्र पास में बैठा था, जबकि परिचालक लखविंद्र लहरिया कंडक्टर बस चला रहा था। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।





